मंदी (Recession) के दौर में जहां एक ओर नौकरियां (Jobs) हाथ से निकली जा रही हैं, वहीं घर बैठे लोग भला कैसे नौकरी पा सकते हैं? यही वजह है कि नौकरी पाने के नए तरीके खुद ही ढूंढ़ने होंगे। घर पर रहकर काम करना (Working from home) ऐसा ही विकल्प है, जिसके कई लाभ हैं। सबसे पहला तो यह कि आपको किसी बॉस की जी हजूरी नहीं करनी पड़ेगी। दूसरा, आप अपनी रूटीन को ध्यान में रखते हुए यह काम कर सकते हैं। इसमें खास यह रहेगा कि आप न केवल मोटी कमाई कर पाएंगे, बल्कि इसमें गर्व भी महसूस करेंगे। "स्टे एट होम करियर्र के बारे में जानिए (Know about Working from Home, and earning money)
बेबी केयर- यदि आप बच्चों से प्यार करते हैं, उनके साथ समय गुजारना आपको अच्छा लगता है तो क्यों न बेबी केयर घर पर खोल लें। कई कामकाजी महिलाएं अपने बच्चों के लिए अच्छे डे-केयर की खोज में रहती हैं। इसी तरह आपके डे-केयर में काम करने के लिए कई महिलाएं भी तैयार हो जाएंगी। एक बच्चे को रखने के लिए आप 2000 रुपये प्रतिमाह ले सकते हैं। यदि दस बच्चे भी आपके पास आ गए, तो प्रतिमाह आप 20,000 रुपए आसानी से कमा सकते हैं।
फ्रीलांस राइटर- बचपन में आप अच्छा लिखते थे, सभी आपके लेख की तारीफ करते थे। सवाल है, क्यों न अपनी इस खूबी का लाभ उठाते हुए आप कमाई करना शुरू कर दें। इन दिनों न केवल मीडिया हाउसेज में, बल्कि पीआर इंडस्ट्री में भी अच्छे लेखकों की जरूरत होती है। शुरुआती दौर में आप 7,000 रुपये आसानी से कमा सकते हैं। एक बार पैठ बन जाने के बाद यह कमाई 30,000 रुपये तक आसानी से हो सकती है।
रीसेल- इन दिनों यह धंधा दिन दूना रात चौगुना फल-फूल रहा है। सस्ती चीजें खरीदिए और अच्छी कीमतों पर बेच डालिए, लेकिन इसमें यह ध्यान रखिए कि आप क्या खरीदना और बेचना चाहते हैं। प्रॉपर्टी का काम बढ़िया है, तो एंटीक चीजों का बिजनेस करना अपने आप में अलग है। जरूरी यह है कि इसके लिए आप नीलामी, गैराज सेल और दूतावास की नीलामी वगैरह में नियमित तौर पर जाते रहें। इससे आप मोटी कमाई कर सकते हैं।
प्लेसमेंट एजेंसी- इन दिनों पीआर का ही जलवा है। यदि आप रिश्ते बनाने में माहिर हैं, तो फिर दिक्कत ही क्या! चाहें तो प्रति माह 50,000 से लेकर एक लाख रुपये तक आसानी से कमा सकते हैं। कंपनियों से संपर्क साधिए और बेरोजगारों को नौकरी दिलवाइए। शिक्षण संस्थानों से संपर्क कर वहां कैंपस प्लेसमेंट भी करवा सकते हैं।
कार्टूनिस्ट- कार्टून की दुनिया में रुपये का जोर बढ़ता जा रहा है। तमाम पत्रिकाओं में ऐसे लोगों की खूब मांग है, जो बेहतर कार्टून बना सकते हैं, एनिमेशन में माहिर हों। यह कहना गलत नहीं होगा कि तस्वीरें लेखन से ज्यादा बोलती हैं। यदि आप अच्छे कार्टूनिस्ट हैं, तो प्रति माह 20,000 रुपये तो कमा ही सकते हैं।
डिजाइनर- यदि आपमें डिजाइन करने का हुनर है, तो आप क्लॉथ डिजाइनिंग, इंटीरियर डिजाइनिंग और क्रॉकरी डिजाइनिंग में जलवा दिखा सकते हैं। इच्छा हो, तो एक्सेसरीज डिजाइनिंग का क्षेत्र भी चुन सकते हैं, इसमें अच्छे लोगों की मांग है। शुरुआत में तो खुद की डिजाइन की गयी चीजों को लेकर एक बुटीक भी खोल सकती हैं। इस क्षेत्र में आप 10,000 रुपये तो शुरुआत में आसानी से कमा सकते हैं।
गिफ्ट रैपिंग- गिफ्ट रैप करना आपको पसंद है, तो इसे भी आप करियर के तौर पर चुन सकते हैं। बस जरूरत है- क्रिएटिविटी दिखाने की। मुमकिन हो, तो खुद या किसी रिटेलर के साथ टाई-अप करके अपना बिजनेस शुरू कर सकते हैं।
इवेंट प्लानिंग- यदि आपकी प्रबंधन में रुचि रही है या आप खुद को बढ़िया मैनेजर मानती हैं, तो इवेंट मैनेजमेंट आपके लिए ही है। इनविटेशन कार्ड, बैनर, डेकोरेटिव आयटम्स को घर पर ही तैयार किया जा सकता है। यदि आप शुरुआत में थोड़ा संयम बरतें, तो कुछ समय बाद 50,000 रुपये प्रतिमाह कमाना मुश्किल नहीं है।
ऑनलाइन टूटरिंग- यदि आपको कंप्यूटर की पूरी जानकारी है और किसी एक विषय में महारत हासिल है, तो फिर ऑनलाइन टूटरिंग आपके लिए ही है। इन दिनों मैथ्स, इंग्लिश, फिजिक्स, केमिस्ट्री, स्टैट्स और बायोलॉजी की खूब मांग है। आप पार्ट टाइम या फुल टाइम जैसे करियर को अपना सकते हैं।
साभार: राष्ट्रीय सहारा
लोड हो रहा है...