हवाओं में ऐसी ख़ुशबू पहले कभी न थी
ये चाल बहकी बहकी पहले कभी न थी
ज़ुल्फ़ ने खुलके उसका चेहरा छुपा लिया
घटा आसमा पे ऐसी पहले कभी न थी
आँखें तरस रहीं हैं दीदार को उनके
दिल में तो ऐसी बेबसी पहले कभी न थी
फूलों पे रख दिए हैं शबनम ने कैसे मोती
फूलों पे ऐसी रौनक पहले कभी न थी
यादों की दस्तकों ने दरे दिल को खटखटाया
आती थी याद पहले पर ऐसी कभी न थी
चाँद हर रोज़ मीठे ख़्वाब दिखाता क्यों है?
उसे सच मान लूँ फिर दिल को बहकाता क्यों है?
हरदम रहता है वह डाले हुए रुख़ पर नक़ाब
बार बार बनक ख़ुदा मुझको डराता क्यों है?
मुद्दत से आँधियों में चिराग़ों सा जला हूँ
हवा बनकर मुझे फिर कोई डराता क्यों है?
अबके कोई फूल न बच पाया है ख़िज़ाओं में
अभी सावन है मुझे कोई बताता क्यों है?
जो भी मिलताहै मुझे दर्द देके जाता है
वही लोगों से मुझे ग़लत बताता क्यों है?
मैंने तो सोच लिया करेंगे न शिक़वा किसी से
याद आ आ के मुझे कोई रुलाता क्यों है?
रात के सन्नाटे में जब कोई पंछी बोलता है
कोई संदेश देता है ऐसा लगता क्यों है?
रचना: कुसुम सिन्हा
लोड हो रहा है...